रुद्रपुर में शादी समारोह में खूनी संघर्ष, महिला सहित तीन घायल 

पांच अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज 

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर।  कोतवाली क्षेत्र के बिगवाड़ा भट्टा में एक शादी समारोह के दौरान जमकर बवाल हो गया।आरोप है कि शराब के नशे में धुत दबंगों ने डीजे पर डांस के दौरान विरोध करने पर एक ही परिवार के तीन लोगों पर तलवार और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पांच अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस को दी गई तहरीर में बिगवाड़ा निवासी राजू ने बताया कि वह 28 अप्रैल की रात पड़ोस में एक शादी समारोह में गया था। आरोप है कि देर रात करीब एक बजे गांव के ही अजय उर्फ चीकू, आकाश, राजू उर्फ तोता, राजेंद्र और बादल शराब के नशे में धुत होकर गाली-गलौज करने लगे। इसी बीच अजय उर्फ चीकू हाथ में तलवार (कांपा) लेकर नाचने लगा। जब राजू और उसकी भाभी लक्ष्मी ने इसका विरोध किया, तो दबंगों ने उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। आरोपियों ने उसकी भाभी लक्ष्मी के साथ मारपीट की। जब उसका भांजा यशपाल बीच-बचाव करने आया, तो आरोपियों ने उसके चेहरे पर तलवार से वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

तीनों घायलों को बेहोश देख आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।घायलों का मेडिकल जवाहर लाल नेहरू जिला चिकित्सालय में कराया गया है।पीड़ित परिवार ने आरोपियों से अपनी जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement