– पंतनगर क्षेत्र में हुई घटना, वन विभाग करेगा जांच
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
पंतनगर। छतरपुर-हल्दी रेलवे ट्रैक पर मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे में नर हाथी की मौत हो गई। लालकुआं से रुद्रपुर की ओर जा रही बाघ एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से हाथी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसा रात करीब 11:30 बजे तराई केंद्रीय वन प्रभाग की रुद्रपुर रेंज में रेलवे ट्रैक के पिलर संख्या 55/8 के पास हुआ।
ट्रेन की टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाथी का एक दांत टूटकर दूर जा गिरा। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने दांत को सुरक्षा की दृष्टि से अपने कब्जे में ले लिया। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार को औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद हाथी का दांत वन विभाग को सौंपा जाएगा।
हाथी की मौत की सूचना मिलते ही वन विभाग और रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। तराई केंद्रीय वन प्रभाग के रुद्रपुर डिवीजन के अधिकारी और कर्मचारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने मौके का निरीक्षण कर हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई।
वन विभाग के अनुसार, मृत नर हाथी के शव का बुधवार सुबह 11 बजे विशेषज्ञ डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार शव का निस्तारण किया जाएगा। हादसे के बाद वन विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि ट्रेन निर्धारित गति सीमा के भीतर चल रही थी या नहीं। जांच के आधार पर हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जाएगा।




