कार्तिक हत्याकांड: मुख्य आरोपी सहित तीन अभियुक्त गिरफ्तार

एक अभियुक्त दिल्ली एयरपोर्ट से पकड़ा गया

तीन असलहे और घटना में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर कार बरामद

न्यूज एंड नॉक संवाददाता, रुद्रपुर। जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीन असलहे और एक कार भी बरामद की है। इस मामले में पुलिस पहले ही एक आरोपी को जेल भेज चुकी है।

रविवार को प्रीत बिहार क्षेत्र में विवादित खेत की जुताई को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। इसमें हुई फायरिंग में बिहार निवासी कार्तिक की गोली लगने से मौत हुई थी। पुलिस ने हत्याकांड में दो मुकदमें दर्ज किये था।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि 29 दिसंबर को पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी जशनदीप उर्फ जशन निवासी फाजलपुर महरौला को ब्लॉक रोड, रूद्रपुर से गिरफ्तार किया था। अभियुक्त की निशानदेही पर उसके घर के बेडरूम से घटना में प्रयुक्त 315 बोर की लाइसेंसी राइफल बरामद की गई।

बुधवार को पुलिस ने अभियुक्त शमशेर सिंह निवासी ग्राम छतरपुर कॉलोनी, थाना पंतनगर को डीपीएस स्कूल, बगवाड़ा क्षेत्र से घटना में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर कार सहित गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर 315 बोर की अवैध राइफल बरामद की गई।

घटना में शामिल फरार अभियुक्त तनवीर सिंह के विदेश भागने की सूचना पर पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर जारी कराया था। अभियुक्त को एयरपोर्ट, दिल्ली से डिटेन कर पुलिस टीम रूद्रपुर लाई और बुधवार को लाया गया तथा थाना परिसर में उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।अभियुक्त की निशानदेही पर किच्छा बाईपास रोड स्थित खेत से 32 बोर की अवैध पिस्टल बरामद की गई। बताया कि शस्त्र बरामद होने के बाद मुकदमे में आयुध अधिनियम की धाराओं में वृद्धि की गई है। अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

 

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement