आयुष्मान आरोग्य मंदिर के कर्मचारियों को तीन महीने से वेतन के लाले

Share News

कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने संज्ञान लेकर दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो 

हल्द्वानी। आयुष्मान आरोग्य मंदिर में कार्यरत वाइटल रेडियोलॉजी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों को पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिला है। कर्मचारियों की इस गंभीर शिकायत पर कुमाऊं आयुक्त व मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने तत्काल कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने नगर आयुक्त हल्द्वानी को इस मामले में त्वरित कार्रवाई करने और सभी प्रभावित कर्मचारियों का लंबित वेतन जल्द से जल्द दिलाने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।

कुमाऊं आयुक्त को सौंपे गए शिकायती पत्र में कर्मचारियों ने बताया कि वे पूरी निष्ठा के साथ आयुष्मान आरोग्य मंदिर में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद, कंपनी प्रबंधन द्वारा उन्हें अप्रैल, मई और जून 2026 का वेतन अब तक नहीं दिया गया है। वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बच्चों की स्कूल फीस, दैनिक घरेलू खर्च और चिकित्सा जैसी आवश्यक जरूरतों को पूरा करना भी उनके लिए दूभर हो गया है। इसके अलावा, कंपनी द्वारा कुसुमखेड़ा स्थित सेंटर को भी बंद कर दिया गया है, जिससे परेशानी और बढ़ गई है। कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब भी वे अपने हक का वेतन मांगते हैं, तो उनका मानसिक उत्पीड़न किया जाता है। उन्हें नौकरी से निकालने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी जा रही हैं। कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने पहले भी मौखिक और लिखित रूप से प्रबंधन को अपनी समस्याओं से अवगत कराया था, लेकिन प्रबंधन ने कोई कार्यवाही नहीं की। 

शिकायत पत्र के अनुसार, वेतन न मिलने से प्रभावित होने वाले कर्मचारियों में चिकित्सक 10, फार्मासिस्ट 10, स्टाफ नर्स 10, एमपीडब्ल्यू 10, सफाई कर्मचारी 10 हैं।

मामले की गंभीरता और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों के शोषण को देखते हुए कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने तत्काल एक्शन लिया है। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देशित किया है कि  सभी प्रभावित कर्मचारियों का लंबित वेतन शीघ्र अति शीघ्र भुगतान कराया जाए। प्रबंधन द्वारा बंद किए गए कुसुमखेड़ा सेंटर को तुरंत खुलवाया जाए ताकि आम जनता को परेशानी न हो। कर्मचारियों का उत्पीड़न करने वालों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *