उड़ीसा से कैंटर में लाई जा रही गांजे की बड़ी खेप बरामद, तीन गिरफ्तार

बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत बताई जा रही 2.80 करोड़ 

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई को अंजाम दिया है। कोतवाली

 पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने उड़ीसा से तस्करी कर लाया जा रहा 558.78 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। 

रविवार को पुलिस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उड़ीसा से नशे की एक बड़ी खेप कैंटर के जरिए जनपद में लाई जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसपी अपराध और एसपी रुद्रपुर के नेतृत्व में टीम ने बागवाला फ्लाईओवर के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया।

पुलिस ने संदिग्ध कैंटर संख्या UP81 FT 5851 को घेराबंदी कर रोका। तलाशी लेने पर कैंटर में सुतली (रस्सियों) के गट्ठरों के बीच बेहद शातिराना तरीके से छिपाकर रखे गए 18 प्लास्टिक के कट्टों और तीन स्कूली बैगों में भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस द्वारा बरामद किए गए 558.78 किलो गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2 करोड़ 80 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो उड़ीसा के सोनपुर से यह माल लाकर रुद्रपुर और आसपास के इलाकों में स्थानीय तस्करों को सप्लाई करने वाले थे।

गिरफ्तार अभियुक्त:

संजय गुप्ता निवासी दूधिया नगर, रुद्रपुर

डीटू यादव निवासी मैनपुरी, उत्तर प्रदेश।

मोहित यादव निवासी मैनपुरी, उत्तर प्रदेश।

मुख्य अभियुक्त की संपत्ति होगी सीज

एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए मुख्य आरोपी संजय गुप्ता का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। नशे के कारोबार से अर्जित की गई उसकी लगभग 3 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति को सीज करने की कार्यवाही पहले से ही प्रचलन में है। इस ताजा मामले के बाद पुलिस अब उसके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुट गई है। एसएसपी ने पुलिस टीम में शामिल उ0नि0 सुरेन्द्र सिंह, उ0नि0 जीवन सिंह सहित अन्य कर्मियों को  7,500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement