बड़ी खबर: सांसद अजय भट्ट ने अपने काशीपुर प्रतिनिधि विजय कुमार को पद से हटाया

गैर-कानूनी मामले में वांछित होने पर लिया एक्शन

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

काशीपुर। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट ने एक बड़ा फैसला लेते हुए अपने काशीपुर (विकास खंड) के सांसद प्रतिनिधि विजय कुमार को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया है। सांसद ने इस संबंध में जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर को एक आधिकारिक पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

पत्र में सांसद अजय भट्ट ने स्पष्ट किया है कि उन्हें जानकारी मिली है कि विजय कुमार किसी गैर-कानूनी मामले में वांछित हैं। सांसद के अनुसार, विजय कुमार का यह आचरण उनके पद की गरिमा और जनप्रतिनिधि के कर्तव्यों व दायित्वों के पूरी तरह प्रतिकूल है। इसी को दृष्टिगत रखते हुए उन्होंने यह सख्त कदम उठाया है। विजय कुमार निवासी गिरीताल मंदिर पार्क, रामदेई भवन, काशीपुर स्थानीय ब्लॉक प्रमुख के पति हैं। कार्यकर्ताओं के अनुरोध पर सांसद अजय भट्ट ने उन्हें विकास खंड की त्रैमासिक बैठकों में अपनी अनुपस्थिति के दौरान भाग लेने के लिए प्रतिनिधि के रूप में नामित किया था।

पत्र में सांसद ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि वे अपने स्तर से त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों और विजय कुमार को इस आदेश के बारे में निर्देशित करने का कष्ट करें।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement