


– भाजपा नेता विवेकदीप सिंह ने की थी मुख्यमंत्री से मांग
– अधिकारियों ने किया इंदिरा गांधी खेल मैदान का निरीक्षण
न्यूज एंड नॉक
किच्छा। युवाओं और खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी और सकारात्मक खबर है। शहर में लंबे समय से उठ रही आधुनिक इंडोर-आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (स्पोर्ट्स स्टेडियम) की मांग अब धरातल पर उतरती दिखाई दे रही है। भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक दीप सिंह के लगातार प्रयासों के बाद जिला प्रशासन और खेल विभाग के अधिकारियों ने किच्छा स्थित इंदिरा गांधी खेल मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया।
दरअसल, किच्छा को भविष्य की स्मार्ट इंडस्ट्रियल सिटी के रूप में देखा जा रहा है, जिसके अनुरूप यहाँ आधुनिक खेल सुविधाओं की बेहद जरूरत है। इसी सिलसिले में 15 जून को एक नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान विवेक दीप सिंह ने रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा के समक्ष इस मांग को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद, खेल प्रेमियों और युवाओं की भावनाओं को देखते हुए 20 जून 2026 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया था, जिसमें किच्छा में अत्याधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम निर्माण का अनुरोध किया गया था।
इस प्रस्ताव पर शासन स्तर से तेजी से कदम उठाए जा रहे हैं। तीन जुलाई को जिला क्रीड़ा अधिकारी ने दूरभाष पर इस संबंध में विभागीय कार्रवाई शुरू होने की जानकारी दी थी, जिसके बाद आज अधिकारियों द्वारा खेल मैदान का निरीक्षण करना इस दिशा में एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
विवेकदीप ने कहा कि किच्छा के हजारों युवा लंबे समय से आधुनिक खेल सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रहे हैं। यदि यहाँ एक अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनता है, तो यह न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अवसर देगा, बल्कि किच्छा को प्रदेश के प्रमुख खेल केंद्रों में भी स्थापित करेगा।
निरीक्षण के बाद विवेक दीप सिंह ने युवाओं की इस मांग को गंभीरता से लेने के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी, महापौर विकास शर्मा जी, खेल विभाग और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार जल्द ही इस पर अंतिम मुहर लगाकर किच्छा के युवाओं को एक शानदार स्पोर्ट्स स्टेडियम की सौगात देगी।

