उत्तराखंड के पहले क्रीड़ा विश्वविद्यालय का शिलान्यास

– सीएम धामी ने खिलाड़ियों को दिए पुरस्कार

– देवभूमि खेल रत्न से सम्मानित हुए अंकिता और अभिनव

– क्रीड़ा विश्वविद्यालय की रखी आधारशिला

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

हल्द्वानी। राष्ट्रीय खेल दिवस एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौलापार, हल्द्वानी में उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय (मानसखण्ड खेल परिसर) के प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 4350 लाख की लागत वाली इस परियोजना के साथ विश्वविद्यालय के प्रथम शैक्षणिक सत्र का भी विधिवत शुभारंभ किया।

अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम परिसर में आयोजित इस भव्य समारोह के दौरान सीएम धामी ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेता खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को नकद पुरस्कार, देवभूमि खेल रत्न, द्रोणाचार्य, लाइफटाइम अचीवमेंट एवं हिमालय रत्न पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही ‘मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना’ के तहत नन्हे एथलीटों को डीबीटी के माध्यम से खेल छात्रवृत्ति वितरित की गई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अब देवभूमि और वीरभूमि उत्तराखंड ‘खेलभूमि’ के रूप में विश्व मानचित्र पर अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि पहले खिलाड़ियों को खेल शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब राज्य में ही विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध होगा। सीएम ने बताया कि वर्ष 2027 के राष्ट्रीय खेलों और 2036 के ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए विशेष रोडमैप पर काम किया जा रहा है, जिसमें 23 नई हाई-टेक खेल अकादमियां और ‘एक जनपद-एक खेल’ योजना शामिल है।

इस दौरान देवभूमि खेल रत्न अंकिता (एथलेटिक्स – 2024), अभिनव देशवाल (शूटिंग – 2025), द्रोणाचार्य पुरस्कार लोकेश चौधरी (एथलेटिक्स – 2024), मुकेश शर्मा (क्याकिंग एंड कैनोइंग – 2025), लाइफटाइम अचीवमेंट: मुकेश चंद्र बेलवाल (बॉक्सिंग – 2025), हिमालय रत्न पुरस्कार: शौर्य सैनी (दिव्यांग श्रेणी शूटिंग), सक्षम प्रताप सिंह व ममता खाती (मॉडर्न पेंटाथलॉन) एवं खुशी चंद (बॉक्सिंग) को दिया गया।

इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या, सांसद अजय भट्ट, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, सरिता आर्या, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित कुमार सिन्हा, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत कई गणमान्य व्यक्ति व खिलाड़ी मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement