– आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हुआ रुद्रपुर
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। किच्छा रोड स्थित राधास्वामी सत्संग घर में राधास्वामी सत्संग ब्यास के प्रमुख संत सतगुरु डॉ. जसदीप सिंह गिल महाराज के रुद्रपुर आगमन पर श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने सत्संग घर पहुंचकर हजूर साहब डॉ. जसदीप सिंह गिल महाराज से आत्मीय भेंट की और अंगवस्त्र भेंट कर उनका भावपूर्ण स्वागत व अभिनंदन किया।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि संत सतगुरु डॉ. जसदीप सिंह गिल महाराज का रुद्रपुर आगमन पूरे शहर और क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत सौभाग्य का विषय है। संतों और महापुरुषों का सानिध्य समाज को सत्य, सेवा, प्रेम और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। आध्यात्मिक मार्गदर्शन व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करता है।
महापौर ने रुद्रपुर शहर और पूरे प्रदेशवासियों की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए हजूर साहब से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने राधास्वामी सत्संग ब्यास से जुड़े पदाधिकारियों और सेवादारों की अनुशासित व्यवस्था और निष्काम सेवा भावना की खुलकर सराहना की। परिसर में रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं और सेवादारों की भारी उपस्थिति रही।




