अल्मोड़ा के भतरौजखान थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
न्यूज एंड नॉक संवाददाता, अल्मोड़ा। भतरौजखान थाना क्षेत्र में जिहाड़–तराड़ी मार्ग पर बड़ा हादसा हो गया। कार संख्या UK20TA8080 (अर्टिगा) अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 300 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
बुधवार की आधी रात हुए हादसे की सूचना मिलने पर थाना भतरौजखान पुलिस, फायर स्टेशन रानीखेत तथा एसडीआरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद चालक के शव को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया।
एहतियातन, पुलिस, फायर और एसडीआरएफ टीमों द्वारा आसपास सर्च अभियान भी चलाया गया। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार वाहन में चालक के अलावा कोई अन्य सवार नहीं था।
मृतक की पहचान कुबेर सिंह (40 वर्ष) पुत्र भूपाल सिंह, निवासी कमेटपानी, बासोट के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

