रुद्रपुर में जाम से मिलेगी मुक्ति: ₹13.94 करोड़ की दूसरी किश्त जल्द

विधायक ने अफसरों संग किया मुआयना, काशीपुर बाईपास पर सोमवार से कटेंगे पेड़

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले काशीपुर बाईपास के चौड़ीकरण का इंतजार अब खत्म होने वाला है। विधायक शिव अरोड़ा ने शुक्रवार से धरातल पर कार्य शुरू करने की घोषणा की है।

गुरुवार को विधायक ने एडीएम, नगर आयुक्त और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के साथ पूरे मार्ग का स्थलीय भ्रमण किया। उन्होंने चौड़ीकरण की जद में आ रहे दुकानदारों से बातचीत की।  विधायक शिव अरोड़ा ने बताया कि चौड़ीकरण कार्य में देरी का मुख्य कारण विभिन्न विभागों (जल संस्थान, विद्युत, PWD) के बीच समन्वय की कमी थी। अब तय किया गया है कि शुक्रवार से विद्युत विभाग खंभे लगाने और PWD मार्किंग का कार्य शुरू करेगा। सोमवार से पेड़ों के कटान का कार्य आरम्भ होगा। इसके बाद जल संस्थान अपनी पाइप लाइन शिफ्टिंग का काम शुरू करेगा।

 

13.94 करोड़ की दूसरी किश्त को मंजूरी 

विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात के बाद PWD की उच्च स्तरीय कमेटी (DSP) ने 13.94 करोड़ रुपये की दूसरी किश्त को 4 दिन पहले ही स्वीकृति दे दी है। यह राशि अगले कुछ दिनों में जारी हो जाएगी, जिससे कार्य में धन की कमी नहीं आएगी।

2026 के अंत तक पूरा होगा प्रोजेक्ट 

एडीएम पंकज उपाध्याय ने बताया कि अब हर मंगलवार को विभागीय अधिकारी मौके का निरीक्षण करेंगे और हर 15 दिन में प्रगति की समीक्षा की जाएगी। विधायक ने व्यापारियों से 60-60 फीट के दायरे से अतिक्रमण हटाने की अपील की है ताकि 2026 के अंत तक स्कूली बच्चों और आम जनता को जाम से स्थाई निजात मिल सके।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement