


कुछ दिनों से चल रहा था बीमार
न्यूज एंड नॉक संवाददाता
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर से एक दुखद खबर सामने आई है। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के फुलसंगा इलाके में एक 68 वर्षीय बुजुर्ग अपने किराए के कमरे में मृत अवस्था में पाए गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से गोकुलनगर,किच्छा के रहने वाले 68 वर्षीय राम प्यारे पिछले कुछ समय से फुलसंगा में किराए के मकान में रह रहे थे। वह छोटा हाथी (कमर्शियल वाहन) चलाकर अपना जीवन यापन करते थे। बताया जा रहा है कि राम प्यारे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। सोमवार की रात को वह रोजाना की तरह खाना खाकर अपने कमरे में सोए थे।
मंगलवार की सुबह जब काफी देर तक उनके कमरे से कोई हलचल नहीं हुई, तो मकान मालिक ज्ञान चंद्र को चिंता हुई। उन्होंने जब कमरे में जाकर देखा तो राम प्यारे बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़े थे। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया है कि बुजुर्ग की एक शादीशुदा बेटी है, जिसे घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

