भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष ने दी पंतनगर विवि में अनशन की चेतावनी

Share News

मुख्यमंत्री को ईमेल पर भेजा पत्र, संगठन से भी भेजी प्रतिलिपि

निर्माण कार्य को जानबूझकर रोकने और भुगतान नहीं करने का आरोप

न्यूज एंड नाॅक ब्यूरो, रूद्रपुरभाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना ने जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय प्रशासन पर निर्माण कार्य का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ईमेल से पत्र भेजकर 17 फरवरी तक भुगतान नहीं होने पर 18 फरवरी को प्रशासनिक भवन पर अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है। उन्होंने पत्र में आत्मदाह तक का फैसला लेने की बात कही है। सत्ताधारी पार्टी के वरिष्ठ नेता का पत्र सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इस मामले में विवि प्रशासन की ओर से कोई अधिकारिक बयान नहीं आया है।

बुधवार को मुख्यमंत्री के नाम लिखे पत्र में विवेक सक्सेना ने कहा है कि वे उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी हैं। विवि में उनकी फर्म श्रीराम कंस्ट्रक्शन वर्ष 1992 से निर्माण कार्य कर रही है। उन्होंने एक निर्माण कार्य का आॅनलाइन टेंडर डाला था, जो उन्हें 12 दिसंबर 2024 को आवंटित हुआ था और इसका अनुबंध 21 मार्च 2025 को बना था। उन्होंने उप निदेशक निर्माण के निर्देश पर मृदा परीक्षण व संरचना डिजाइन तैयार कर कार्य शुरू कर दिया था और इस कार्य को 20 नवंबर 2026 तक पूरा किया जाना है। उन्होंने लगभग दो महीने कार्य कर एक लाइन की नींव डाल दी थी। नौ जून 25 को उन्हें उप निदेशक जलखंड ने पत्र देकर कुलपति के आदेश का हवााला देकर कार्य बंद करने को कहा था। यह कार्य अब तक बंद पड़ा है। इसमें उनके करीब 70 लाख रुपए फंसे हैं और लगभग 10 से 15 लाख का कार्य भी कर दिया है।

उनकी ओर से कई बार अनुरोध के बावजूद विभाग नहीं कर रहा है। उनको पता चला कि वित्त नियंत्रक ने भुगतान रोक रखा है। वे अधिकारी से मिलने कार्यालय गए तो उनसे अभद्रता की गई। अधिकारी ने उनसे कहा कि वह बीजेपी वालों से नहीं मिलती हैं। उनकी सरकार ने पूरा विश्वविद्यालय लूट लिया और सैकड़ों एकड़ जमीन एयरपोर्ट को दे दी। जब उन्होंने जमीन देने का विरोध किया तो डीएम ने उन्हें चेतावनी पत्र दे दिया। कहा कि वह विश्वविद्यालय की कस्टोडियन हैं, वह उसका काम व भुगतान नहीं होने देंगी।

विवेक सक्सेना की ओर से सीएम को भेजा गया पत्र

इस कारण विश्वविद्यालय में जो विस्फोटक स्थिति होगी उसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। उन्होंने पत्र की प्रतिलिपि राज्यपाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री संगठन, जिलाध्यक्ष और कुलपति को भेजी है।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *