गोवा से कार्तिक को मौत खींचकर लाई रुद्रपुर, ममेरे भाई ने दर्ज कराया मुकदमा

ममेरे भाई और मजदूरों के साथ मजदूरी करने खेत पर गया था मृतक

जमीनी रंजिश में हुई फायरिंग में गोली लगने से हुई थी मौत

न्यूज एंड नॉक संवाददाता, रुद्रपुर।

जमीनी विवाद में हुई फायरिंग में कार्तिक की हत्या के मामले में ममेरे भाई ने आरोपियों पर केस दर्ज कराया है। मृतक गोवा से घूमने आया था और रूपये खत्म होने के बाद मजदूरी करने ममेरे भाई और मजदूरों के साथ खेत पर गया था। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

कोतवाली में सूरज कुमार विश्वास निवासी ग्राम मंजरिया कलोनी, थाना बहेरिया पोस्ट ओझलिया, जिला बेतिया, बिहार और हाल निवासी लोक विहार कॉलोनी, भारत एजेंसी के पास रुद्रपुर ने हत्या का केस दर्ज कराया है। उनका कहना है कि वह वर्ष 2001 से रुद्रपुर में रहकर राज मिस्त्री का काम कर रहा है। कार्तिक पोद्दार निवासी विरंची तीन नंबर, थाना मानपुर, जिला पश्चिमी चंपारण, बिहार दूर के रिश्ते में उसके मामा का लड़का था। वह गोवा में मजदूरी करता था और दो-तीन दिन पहले उसके पास घूमने के लिए आया था। 27 दिसंबर को बगवाड़ा निवासी सिमरनजीत सिंह ने उसे फोन कर 28 दिसंबर को खेत में काम करने जाने और 15-20 मजदूर लेकर आने की बात कही थी। वह और कार्तिक लेबर अड्डे पर गए तथा कुछ मजदूरों को लेकर सिमरन जीत के घर पहुंचे थे। वहां से उसकी ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर प्रीत विहार की तरफ निकले थे। वे प्रीत विहार में शनि मंदिर के पास एक खेत पर गए थे। सिमरनजीत के साथियों ने खेत जोतना शुरु किया तो सामने वाले घर से जशनदीप और कुलविंदर कौर ने आकर विरोध किया। इसके बाद दोनों घर चले गए थे।

थोड़ी ही देर बाद सामने वाले घर की छत से अचानक जान से मारने की नीयत से उनके ऊपर फायरिंग होने लगी। उसके साथी कार्तिक को गोली लगी और वह नीचे गिर गया। इधर से सिमरनजीत और उसके साथियों ने भी अपने साथ लाये हथियारों से भी सामने घर की तरफ फायरिंग शुरू कर दी थी। वह अपने दोस्त कार्तिक को खींचकर बाहर रोड पर ले आया और  वहां पर पुलिस आ गई थी और कार्तिक को अस्पताल को लेकर गई। वहां उसकी मृत्यु हो गई।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement