रुद्रपुर में किसानों की समस्याओं पर किसान कांग्रेस का हल्ला बोल

Share News

कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को भेजा सात सूत्रीय मांग पत्र

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। किसानों की ज्वलंत समस्याओं और सरकार पर बेरुखी का आरोप लगाते हुए किसान कांग्रेस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हरजिंदर सिंह लाडी और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित 7 सूत्रीय मांग पत्र अपर जिलाधिकारी को सौंपा।

मंगलवार को हुए प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष हरजिंदर सिंह लाडी ने सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार पूरी तरह से गूँगी-बहरी हो चुकी है। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा करने वाली सरकार आज उनकी जायज मांगों की अनदेखी कर रही है, जिससे किसान गहरे आर्थिक संकट में है। लाडी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ठोस निर्णय नहीं लिए गए, तो पूरे प्रदेश में एक बड़ा किसान आंदोलन खड़ा किया जाएगा।

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मुआवजा देने के बजाय केवल कागजी खानापूर्ति कर रही है। ठुकराल ने प्रशासन से मांग की कि ज्ञापन में उल्लेखित बिंदुओं पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, अन्यथा कांग्रेस सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेगी।

सरकार को भेजे ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने भारी वर्षा और आंधी से गिरी गेहूं की फसल का तत्काल आर्थिक मुआवजा देने, वर्ष 2026 की गन्ने की शेष धनराशि का अविलंब भुगतान करने, ओलावृष्टि से प्रभावित पहाड़ी काश्तकारों को विशेष राहत पैकेज, गेहूं और धान की सरकारी खरीद पर समर्थन मूल्य से 100 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त बोनस, किसानों के ट्यूबवेल के बिजली बिल पूरी तरह माफ,  सरकारी केंद्रों पर 5000 क्विंटल की सीमा को बढ़ाने,  बाजपुर क्षेत्र के 20 गांवों के लंबित भूमि प्रकरण का स्थायी समाधान करने की मांग की।

इस दौरान पुष्कर राज जैन, ग्राम प्रधान कावल सिंह, अशोक राय, त्रिनाथ विश्वास, संदीप चीमा, सुनील चुग, सुखदेव हालदार, निशांत शाही, राजवीर सिंह, लखबीर सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *