फ्लाईओवर दुर्घटना व मारपीट का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

– आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर पर्यावरण मित्रों ने ठप रखा था काम

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने एलायंस कॉलोनी गेट फ्लाईओवर के पास हुई सड़क दुर्घटना व मारपीट के सनसनीखेज मामले का सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी सन्नी चुघ को गंगापुर रोड से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि 7 अगस्त की रात्रि में पीड़ित के भाई अभिषेक और बुआ का लड़का जतिन स्कूटी से काशीपुर रोड से अपने घर की ओर लौट रहे थे। जैसे ही वे एलायंस कॉलोनी गेट के पास स्थित फ्लाईओवर पर पहुंचे, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार के चालक ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगने से दोनों युवक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि इसके बाद स्कॉर्पियो चालक सन्नी चुघ ने गाड़ी से उतरकर घायलों के साथ मारपीट की, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और फोन कर अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया।

8 अगस्त को गांधी कॉलोनी निवासी अंकित ने कोतवाली रुद्रपुर में लिखित तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 413/2026 के तहत संबंधित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पुलिस टीम ने 11 अगस्त को मुख्य आरोपी सन्नी चुघ निवासी भूरारानी वार्ड नंबर 32 को गंगापुर रोड से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement