


परिजनों को दिया हरसंभव मदद और एयर एंबुलेंस का भरोसा
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। काशीपुर रोड फ्लाईओवर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल अभिषेक वाल्मीकि का हाल जानने के लिए महापौर विकास शर्मा मंगलवार को एक बार फिर राममूर्ति अस्पताल बरेली पहुंचे। उन्होंने वहां चिकित्सकों से मुलाकात कर अभिषेक के स्वास्थ्य और जारी इलाज की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की, साथ ही पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
महापौर विकास शर्मा ने पूर्व मेयर रामपाल सिंह और किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान के साथ अभिषेक का इलाज कर रही विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम से उसकी मेडिकल रिपोर्ट पर विस्तृत चर्चा की। डॉक्टरों ने बताया कि अभिषेक की हालत फिलहाल स्थिर है और उसे सघन चिकित्सा कक्ष में रखकर बेहतर से बेहतर इलाज दिया जा रहा है। महापौर ने निर्देश दिए कि इलाज में किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही या कमी नहीं होनी चाहिए।
परिवार को ढांढस बंधाते हुए महापौर ने कहा कि अभिषेक के इलाज में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी। यदि चिकित्सकों की सलाह पर उसे बेहतर उपचार के लिए दिल्ली या किसी अन्य बड़े शहर रेफर करने की आवश्यकता पड़ती है, तो उसके लिए तुरंत एयर एंबुलेंस या हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरा नगर निगम परिवार इस संकट की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।
अभिषेक के मामा ने वीडियो जारी कर अफवाहों पर जताई नाराजगी
अस्पताल में महापौर ने अभिषेक के मामा रिंकू से भी मुलाकात कर पूरी स्थिति पर बात की। इसके बाद रिंकू ने एक वीडियो संदेश जारी कर सोशल मीडिया पर अभिषेक के स्वास्थ्य को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर सख्त ऐतराज जताया। रिंकू ने स्पष्ट किया कि अभिषेक का इलाज डॉक्टरों की देखरेख में सही तरीके से चल रहा है। उन्होंने महापौर विकास शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हादसे के बाद से ही महापौर लगातार परिवार के संपर्क में हैं और खुद दो बार बरेली आकर स्थिति का जायजा ले चुके हैं। रिंकू ने आम जनता से अपील की कि संकट के इस समय में किसी भी तरह की भ्रामक या अपुष्ट खबरों पर विश्वास न करें और केवल अभिषेक के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करें।
ये था पूरा मामला
बीते दिनों काशीपुर रोड फ्लाईओवर के पास कार और स्कूटी की जोरदार भिड़ंत हो गई थी। इस हादसे में स्कूटी सवार अभिषेक वाल्मीकि गंभीर रूप से घायल हो गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे तुरंत बरेली के राममूर्ति अस्पताल रेफर किया गया था, जहां फिलहाल उसका सघन उपचार जारी है।

