

ठुकराल की कांग्रेस में एंट्री रोकने में मीना ने झोंकी ताकत
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। कांग्रेस में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल की एंट्री की चर्चाओं के बीच पूर्व पालिकाध्यक्ष और महिला कांग्रेस की वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मीना शर्मा ने वायरल ऑडियो को आत्मसम्मान का मुद्दा बना लिया है। उन्होंने पार्टी नेता राहुल गांधी को खत लिखकर अपनी लड़ाई में पार्टी का साथ मांगा है। उन्होंने पूर्व विधायक की ओर से किए गए दुर्व्यवहार का भी पूरा ब्यौरा लिखा है।
दरअसल, दिसंबर 2024 को एक आपत्तिजनक ऑडियो वायरल हुई थी। इसमें मीना शर्मा के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया था। इसमें ऑडियो पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल की बताई गई थी। ऑडियो वायरल होने के बाद खूब सियासी बवंडर हुआ था। मीना ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र दिया था। एक साल बीत जाने के बाद कुछ दिन पहले ऑडियो का जिन्न बाहर निकला था। मीना शर्मा ने समर्थकों के साथ कोतवाली में धरना दिया था। पुलिस ने ठुकराल पर मुकदमा दर्ज कर दिया था और उनको दिया गनर भी वापस लिया गया था। इसे संयोग ही कहा जाए कि यह पूरा घटनाक्रम तब घटित हुआ जब ठुकराल की कांग्रेस में एंट्री की चर्चा तेजी से चल रही थी। इस घटना के दौरान ठुकराल की मां बीमार पड़ी थी और उनको देखने के लिए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य सहित तमाम पार्टी नेता ठुकराल के घर पहुंचे थे। इस पर मीना ने नाराजगी जतायी थी।
एक बार फिर से मीना ने इस मामले में ठुकराल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।उन्होंने नेता प्रतिपक्ष एवं राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी को खत लिखकर उनके चरित्र हनन की जानकारी दी। उन्होंने पत्र में लिखा है कि ठुकराल की भाषा शैली क्या है, रुद्रपुर की जनता जानती है। महिला के सम्मान की रक्षा करना कांग्रेस पार्टी की नैतिक जिम्मेदारी है। ठुकराल के खिलाफ उनकी इस लड़ाई में कांग्रेस पार्टी और पार्टी के नेताओं को भी साथ देना चाहिए।
इस खत के बाद कांग्रेस में अंदरखाने सियासत गर्मा गई है। पार्टी का एक खेमा ठुकराल की एंट्री को लेकर पूरी ताकत से जुटा है। कई विधायकों का अंदरखाने समर्थन बताया जा रहा है। इस मुद्दे पर ठुकराल ने कुछ भी बोलने से इनकार किया है। उनका कहना है कि कौन उनके खिलाफ साजिश कर रहा है इसका जल्द खुलासा किया जाएगा। अब देखना है कि ठुकराल की कांग्रेस में एंट्री की कवायद क्या रंग लाती है।

