13 साल बाद 25 हजार का ईनामी गिरफ्तार

Share News

2013 में सितारगंज में हुई थी लूट की घटना, चार आरोपी पहले पकड़े गए थे

अमरोहा से गिरफ्तार किया गया अभियुक्त

न्यूज एंड नॉक संवाददाता, रुद्रपुरसितारगंज में 13 साल पहले घर में घुसकर हुई लूट और जानलेवा हमले की घटना में फरार 25 हजार के ईनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले चार आरोपियों को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

जानकारी के अनुसार 16 फरवरी 2013 को गणेश सिंह निवासी वार्ड नंबर 06 नहरपार, सितारगंज के घर में  अज्ञात बदमाश घुस गए थे। उन्होंने गणेश व उसके परिवार को डरा धमकाकर घर में रखी अलमारी से सोने के जेवरात व नगदी लूट ली थी। घर में मौजूद गणेश की पत्नी के सिर पर डण्डे से वार कर उसे घायल कर दिया था। गणेश सिंह ने थाना सितारगंज में अज्ञात अभियुक्तगण के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कराया था।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि तत्कालीन विवेचक की विवेचना में प्रकाश में आये अभियुक्तगण तनवीर उर्फ राजीव उर्फ राजेश उर्फ सपेरा निवासी सिलई थाना जहानाबाद जनपद पीलीभीत, नफीस उर्फ समीर उर्फ राज निवासी डेरा गडवागंज डुडवारा, जनपद एटा, शाकिर निवासी डेरा नसीरपुर भवानीपुर, जिला बदायूँ व  भूरा उर्फ कम्मू कलन्दर निवासी नई बस्ती नहरपार सितारगंज को गिरफ्तार कर अभियुक्तगण के कब्जे से माल बरामद किया गया था।  सह अभियुक्त शब्बीर उर्फ सुहेल निवासी डेरा डुडवारा, जनपद एटा, घटना के बाद से ही लगातार फरार रहा। जिसके विरूद्ध न्यायालय से गिरफ्तारी का वारंट जारी किया गया था। अभियुक्त के फरार रहने पर तमामी तफ्तीश के बाद विवेचक ने अभियुक्त के विरूद्ध मफरूरी में आरोप पत्र माननीय न्यायालय प्रेषित किया गया था। अभियुक्त सुहेल उर्फ शब्बीर करीब 13 वर्षों से फरार चल रहा था ।

थानाध्यक्ष नानकमत्ता के नेतृत्व में गठित टीम को प्राप्त मैनुअल इनपुट के आधार पर  घटना में करीब 13 वर्षों से फरार ईनामी/वांछित अभियुक्त सब्बीर उर्फ सुहेल  की तलाश व पतारसी सुरागरसी के लिए टीम को गैर राज्य रवाना किया गया । टीम ने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थानउत्तर प्रदेश में अभियुक्त की गहन सुरागरसी की गयी। रविवार को पुलिस टीम ने अभियुक्त सब्बीर उर्फ सुहेल को मुखबिर की सूचना पर अमरोहा बस स्टैण्ड के पास से गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

 


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *