रुद्रपुर नगर निगम ने ‘जीरो वेस्ट’ थीम पर मनाया गणतंत्र दिवस

Share News

दस सर्वश्रेष्ठ पर्यावरण मित्रों को किया सम्मानित

रुद्रपुर में पर्यावरण मित्र को सम्मानित करते महापौर विकास शर्मा

संवाददाता, रुद्रपुर । नगर निगम ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर एक अनूठी पहल करते हुए जीरो वेस्ट इवेंट का आयोजन किया। इसके माध्यम से निगम ने न केवल देशभक्ति का संदेश दिया बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता भी प्रदर्शित की।

सोमवार को महापौर विकास शर्मा, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, सहायक नगर आयुक्त राजू नबियाल सहित समस्त वार्ड पार्षद, स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडर, निगम अधिकारी और बड़ी संख्या में पर्यावरण मित्र उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता इसकी ‘शून्य अपशिष्ट’ अवधारणा रही। कार्यक्रम स्थल को पूरी तरह प्लास्टिक-मुक्त रखा गया और सजावट के लिए केवल प्राकृतिक फूलों का उपयोग किया गया। कचरे के निस्तारण के लिए आयोजन स्थल पर ट्विन बिन (गीला और सूखा कचरा) की समुचित व्यवस्था की गई थी। साथ ही, कार्यक्रम के दौरान उत्पन्न होने वाले अपशिष्ट के पृथक संग्रहण एवं परिवहन हेतु अलग-अलग कम्पार्टमेंट वाले विशेष कचरा वाहनों की तैनाती की गई थी, ताकि कचरे को स्रोत पर ही अलग कर उसका सही प्रबंधन किया जा सके।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि हमारा एकमात्र लक्ष्य रुद्रपुर को स्वच्छ भारत मिशन के तहत देश का नंबर-1 और एक आदर्श शहर बनाना है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन में रुद्रपुर विकास और स्वच्छता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। कहा कि ‘जीरो वेस्ट’ केवल एक आयोजन की थीम नहीं बल्कि एक जीवनशैली होनी चाहिए।

नगर आयुक्त शिप्रा जोशी ने मौलिक कर्तव्यों का स्मरण कराते हुए कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण हमारी बुनियादी जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान देने वाले 10 सर्वश्रेष्ठ पर्यावरण मित्रों को महापौर और नगर आयुक्त ने सम्मानित व पुरस्कृत किया गया। एसबीएम विशेषज्ञ मयंक कुमार ने जीरो वेस्ट इवेंट की तकनीकी बारीकियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भविष्य के सभी निजी और सार्वजनिक आयोजनों को ‘जीरो वेस्ट’ के रूप में आयोजित करने तथा घरों में ट्विन बिन का उपयोग करने की सामूहिक शपथ ली।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *