
महापौर ने अधिकारियों के साथ किया स्थलीय सर्वे
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले नैनीताल हाईवे को अब और विस्तार मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘स्मार्ट और सुव्यवस्थित शहर’ के विजन को धरातल पर उतारने के लिए नगर निगम और जिला प्रशासन ने कमर कस ली है।
शुक्रवार को महापौर विकास शर्मा ने प्रशासनिक अमले के साथ डीडी चौक से अटरिया मोड़ तक के दूसरे चरण (Phase-2) का गहन निरीक्षण किया। प्रथम चरण (इंदिरा चौक से डीडी चौक) का कार्य सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद अब प्रशासन का ध्यान दूसरे चरण पर है। सर्वे के दौरान महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क चौड़ीकरण के मार्ग में आने वाले सभी अवरोधों और अतिक्रमण को चिन्हित कर तत्काल कार्ययोजना तैयार की जाए।
महापौर ने साफ कहा कि चौड़ीकरण की जद में आने वाले किसी भी अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा। लोनिवि (PWD), विद्युत विभाग और विकास प्राधिकरण को आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए गए। नवनिर्मित बस टर्मिनल के काम में तेजी लाने को कहा गया है ताकि शहर के भीतर बसों के कारण होने वाले ट्रैफिक जाम को खत्म किया जा सके।
—
रुद्रपुर के लिए ‘गेम-चेंजर’ होगा मिनी बाईपास
महापौर विकास शर्मा ने बताया कि अटरिया मोड़ से आदर्श कॉलोनी और इंदिरा कॉलोनी को जोड़ने के लिए मिनी बाईपास के निर्माण की स्वीकृति मुख्यमंत्री से मिल चुकी है। यह बाईपास भविष्य में मुख्य हाईवे पर ट्रैफिक के दबाव को 50% तक कम कर देगा। हमारा लक्ष्य रुद्रपुर को जाम मुक्त और सुंदर बनाना है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में विकास का यह सिलसिला अब थमने वाला नहीं है। मुख्य सड़कों के साथ-साथ आंतरिक सड़कों का जाल भी बिछाया जाएगा।निरीक्षण के दौरान एडीएम पंकज उपाध्याय, एसडीएम गौरव पाण्डे, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे सहित नगर निगम और विकास प्राधिकरण के वरिष्ठ अभियंता मौजूद रहे।


