
घर के कमरे में फांसी लगाकर दी जान
न्यूज एंड नाॅक ब्यूरो, दिनेशपुर। सोशल मीडिया पर बन रहे रिश्ते कई बार कडुवाहट भरे और आत्मघाती साबित हो रहे हैं। ऐसा ही एक मामला दिनेशपुर से सामने आया है जहां पर इंस्टाग्राम से हुआ प्यार का रिश्ता खत्म हुआ तो लड़का उसे बर्दाश्त नहीं सका। उसने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
बृहस्पतिवार को कालीनगर निवासी अनुज राठौर (17) ने घर में पंखे में फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। छोटी बहन ने भाई के शव का फंदे पर लटका देख शोर मचाया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक पांच भाई बहनों में दूसरे नंबर का था। उसकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है।
परिजनों ने बताया कि अनुज की कुछ समय पहले इंस्टाग्राम में खटीमा निवासी एक लड़की से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच प्यार हो गया था। इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था और लड़की ने कथित रिश्ता तोड़ते हुए बात करनी बंद कर दी थी। इससे अनुज काफी मानसिक तनाव में था। मृतक की मां ने कहा कि लड़की ने उसे बेटे से प्यार नहीं करने की बात कही थी। इससे बेटा काफी परेशान था।
इधर, मृतक के घर पहुंचे समाजसेवी किशोर हालदार ने कहा है कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच यह घटना एक बार फिर सोचने पर मजबूर करती है कि किशोरावस्था में भावनात्मक समर्थन और परामर्श कितना जरूरी है। परिजनों ने अपने बच्चों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।


