भरण पोषण की धनराशि से बचने के लिए बनाया पत्नी का फर्जी इनकम टैक्स रिटर्नर

अदालत के आदेश पर पति पर मुकदमा दर्ज

अदालत में विचाराधीन है घरेलू हिंसा और भरण पोषण वाद

न्यूज एंड नाॅक ब्यूरो, रुद्रपुर। एक महिला ने पति पर भरण पोषण की धनराशि देने से बचने के लिए फर्जी आयकर रिटर्नर बनाने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पति ने दस्तावेजों में अपना मोबाइल नंबर दर्ज कराया ताकि मैसेज पत्नी के नंबर पर न आ सकें। अदालत के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट को दिए प्रार्थना पत्र में हाल जाफरपुर खानपुर निवासी नीतू बत्रा ने कहा कि उसका पति प्रदीप सिंह उर्फ दीपू निवासी ओमेक्स काॅलोनी, थाना पंतनगर से वर्ष 2024 से पारिवारिक विवाद चल रहा है। उसने न्यायालयों में घरेलू हिंसा अधिनियम, भरण पोषण व दहेज उत्पीड़न के मामले दायर किए हैं।

भरण पोषण के वाद में पति की ओर से प्रस्ताव जवाब दावे के साथ उसका वर्ष 2023-24 का आयकर रिटर्न की प्रति दाखिल की है। उसने कभी आयकर रिटर्न नहीं भरा है। जब उसने रिटर्न प्रपत्र की जांचकी तो पता चला कि पति ने भरण पोषण की धनराशि से बचने के लिए फर्जी तरीके से उसके नाम से आयकर रिटर्नर तैयार करवाया और इसमें अपना नंबर दर्ज किया था। पति ने 15 जनवरी 2024 को दहेज के लिए मारपीट और उत्पीड़न कर उसे घर से निकाल दिया था।

उसके सभी शैक्षणिक अभिलेख, आधार कार्ड, पैन कार्ड, चैक बुक और एटीएम अपने पास रख ली थी। इनमें से आधार और पैन कार्ड का दुरूपयोग कर उसका फर्जी आयकर तैयार कराया और पति ने उसे खुद न्यायालय में दाखिल किया। उसने 12 जुलाई 2025 को थाना रूद्रपुर में शिकायत की थी और एसएसपी को प्रार्थना पत्र भेजा था मगर कोई कार्यवाही नहीं की गई। अदालत के आदेश पर पुलिस ने प्रदीप पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement