


रुद्रपुर के मोदी मैदान से की हुई गिरफ्तारी
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। ट्रांजिट कैम्प पुलिस ने मोदी मैदान के पास घेराबंदी कर एक मोटरसाइकिल सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन और टैबलेट बरामद हुए हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।
शनिवार को उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र के नेतृत्व में पुलिस टीम मोदी मैदान के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान किच्छा की ओर से आ रही एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल यूके 06 7412 को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देख बाइक सवारों ने भागने की कोशिश की, लेकिन अनियंत्रित होकर गिर गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अमित विश्वास निवासी कौशलगंज बिलासपुर, अजय सागर उर्फ सोनू निवासी वार्ड नंबर 7 आजादनगर ट्रांजिट कैंप और प्रिया निवासी खुरपिया फार्म किच्छा को हिरासत में लिया। आरोपियों के कब्जे में 41 नशीली गोलियां, 67 शीशियां एविल, 22 शीशियां डायजेपाम, 20 शीशियां बुप्रिनोर्फिन, 720 रुपये और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खुद भी नशे के आदी हैं और किच्छा निवासी बब्लू नामक व्यक्ति से ये इंजेक्शन खरीदकर लाते थे। इनका मुख्य मकसद सिडकुल क्षेत्र और रुद्रपुर के युवाओं को ये नशीले इंजेक्शन बेचना था। पुलिस ने मौके पर ड्रग इंस्पेक्टर निधि शर्मा को बुलाकर बरामद माल की इन्वेंट्री रिपोर्ट तैयार करवाई गई।

