टांडा जंगल में स्कॉर्पियो और स्कूटी की भिड़ंत, तीन दोस्तों की मौत

Share News

हल्द्वानी जा रहे थे तीनों मृतक, बदहवास हुए परिजन

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, पंतनगर। हल्द्वानी रोड पर टांडा जंगल में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन दोस्तों की जान चली गई। हल्द्वानी जा रहे स्कूटी सवार युवकों की सामने से आ रही एक स्कॉर्पियो से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के एयरबैग तक खुल गए, लेकिन स्कूटी सवार तीनों युवकों को बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, जसपुर के महुवाखेड़ा निवासी अनिकेत (20 वर्ष), जो नोएडा में कार्यरत था। रविवार को हल्द्वानी में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। वह रुद्रपुर पहुंचकर अपने दोस्त आकाश (24 वर्ष) के कमरे पर गया। शाम को अनिकेत, आकाश और उनका एक अन्य साथी रोहन (22 वर्ष) एक स्कूटी पर सवार होकर हल्द्वानी में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने गए थे।

बताया जा रहा है कि रात को तीनों दोस्त स्कूटी से वापस पंतनगर लौट आए थे। कमरे पर पहुंचने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनमें से एक का मोबाइल हल्द्वानी में ही छूट गया है। रात करीब 12 बजे तीनों दोस्त दोबारा स्कूटी पर सवार होकर मोबाइल लेने हल्द्वानी की ओर निकले। जब उनकी स्कूटी संजय नगर से करीब दो किलोमीटर आगे टांडा जंगल में पहुंची, तो सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

राहगीरों की सूचना पर पंतनगर थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत और सिडकुल चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तीनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सोमवार को जब मृतकों के परिजनों को सूचना मिली, तो घरों में मातम छा गया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों में अनिकेत पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी जसपुर, आकाश पुत्र गंगाराम कश्यप निवासी रामपुर, यूपी और रोहन पुत्र कमल कश्यप निवासी रुड़की, हरिद्वार शामिल है। चर्चा है कि दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो कार किसी बड़े शराब कारोबारी की है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। एक साथ तीन घरों के चिराग बुझने से क्षेत्र में शोक की लहर है।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *