एक व्यक्ति अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, खटीमा। शराब पीने के बाद तीन दोस्तों की हालत बिगड़ गई। तीनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां भाजपा नेता और एक अधिवक्ता ने दम तोड़ दिया जबकि एक व्यक्ति का बरेली के अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि मृतकों और घायलों के पास गाड़ी में एक बोतल में संदिग्ध रासायनिक तरल था। इसे उन्होंने पानी समझकर शराब में मिलाकर पी लिया था।
पुलिस के अनुसार घटना का बृहस्पतिवार की रात को खटीमा के प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र शाह को सूचना मिली कि शराब सेवन के बाद एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है तथा दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना पर वरिष्ठ उप निरीक्षक ललित मोहन सिंह रावल पुलिस बल के नागरिक अस्पताल खटीमा पहुंचे थे। यहां भाजपा नेता दिल्लू राणा (52 वर्ष) निवासी कंजाबाग खटीमा को मृत घोषित किया गया। अधिवक्ता मलकीत सिंह राणा एवं प्रवेश राणा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर श्री राम मूर्ति स्मारक अस्पताल, भोजीपुरा में रेफर किया गया था। यहां उपचार के दौरान मलकीत सिंह राणा की भी मृत्यु हो गई है।
चिकित्सक डॉ. वी.पी. सिंह ने बताया कि मृतक व घायलों से तीव्र केमिकल जैसी गंध आ रही थी। इससे आशंका है कि उन्होंने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया है।
अस्पताल लाने वाले व्यक्ति श्रवण कुमार ने बताया कि तीनों व्यक्तियों ने शाम को 8 पीएम ब्लैक शराब के दो क्वार्टर मंगवाए थे और वाहन से बाहर गए थे। वापस लौटने पर दिल्लू राणा की तबीयत बिगड़ गई थी।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने जांच के दौरान 8 पीएम ब्लैक के दो खाली क्वार्टर, एक खाली आधा बोतल, एक संदिग्ध प्लास्टिक बोतल, उल्टी के नमूने को सील कर कब्जे में लिया गया। संदिग्ध बोतल से अत्यधिक तीव्र गंध पाई गई। बरामद सामग्री को विधिवत सील कर फॉरेंसिक जाँच के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

