राज्य स्तरीय कबड्डी स्पर्धा में ऊधमसिंह नगर बना चैंपियन

Share News

महापौर ने खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर किया सम्मानित

न्यूज एंड नॉक संवाददाता, रूद्रपुर। मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल निदेशालय के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय अनुसूचित जाति ओपन बालक कबड्डी प्रतियोगिता का समापन हो गया। फाइनल के बेहद रोमांचक मुकाबले में मेजबान ऊधमसिंह नगर की टीम ने देहरादून को मात्र दो अंकों के अंतर से हराकर खिताबी जीत दर्ज की। मुख्य अतिथि महापौर विकास शर्मा ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया और युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए महापौर ने कहा आज उत्तराखंड की खेल प्रतिभाएं न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार देवभूमि को खेल भूमि बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। धामी सरकार ने ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ की जो मुहिम शुरू की है, उससे प्रदेश के युवाओं में खेलों के प्रति नया आत्मविश्वास जगा है। अब मेडल लाने वाले खिलाड़ियों को सीधे सरकारी नौकरियों से जोड़ा जा रहा है ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त होकर अपनी प्रतिभा को और निखार सकें।

महापौर ने कहा कि नगर निगम खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में रूद्रपुर नगर निगम भी स्थानीय स्तर पर खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या और उनकी जरूरतों को देखते हुए जल्द ही किच्छा रोड पर एक नए स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। नगर निगम का प्रयास है कि रूद्रपुर के हर होनहार खिलाड़ी को आधुनिक सुविधाएं और प्रशिक्षण मिले। हम संसाधनों की कमी को किसी भी खिलाड़ी के रास्ते का रोड़ा नहीं बनने देंगे।

वहां पर जिला खेल अधिकारी जानकी कार्की, युवा कल्याण अधिकारी भूपेंद्र सिंह रावत, कुमाऊं विश्वविद्यालय के पूर्व क्रीड़ा अधिकारी नागेंद्र शर्मा, कबड्डी कोच विशाल सिंह, गौरव उपाध्याय, सहायक एथलेटिक्स कोच हरिश राम, खो-खो कोच अल्पना त्यागी, हैंडबॉल कोच रघु रावत और फेंसिंग कोच स्मिता नेगी सहित भारी संख्या में खेल प्रेमी और विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *