


जमीन हड़पने की कोशिश और धमकी देने का आरोप
न्यूज एंड नॉक संवाददाता, बाजपुर। गदरपुर विधायक अरविंद पाण्डेय के भाई सहित चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोप है कि इन लोगों ने जमीन हड़पने के लिए फर्जी किरायनामा तैयार किया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
संजय कुमार बंसल निवासी बहादुरगंज, बाजपुर ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा कि उसकी ग्राम मुण्डिया पिस्तौर में जमीन है। उसने आपसी रजामन्दी से जमीन जय प्रकाश तिवारी निवासी मी० मजरा बक्श, बाजपुर को काम करने व देखभाल कराने को दी थी। 21 जुलाई 2025 को प्रधिकरण ने उसे मौके पर बुलाया और भूमि पर नये निर्माण किये जाने को लेकर एक नोटिस दिया था। उनके द्वारा बताया गया कि यहां निर्माण अवैध है। इसे खुद ध्वस्त कर दो।
आरोप है कि मौके पर पहले से मौजूद देवानन्द पाण्डेय, अमर पाण्डेय और अन्य साथियो के साथ उससे बहस करने लगे। देवानन्द पाण्डेय ने उसे जान से मारने की धमकी दी। कहा कि विधायक अरविन्द पाण्डेय उसका भाई है। हमारी सरकार है। इतना कहकर देवानन्द पाण्डेय ने कुछ फोटो स्टेट कागज मेरी तरफ फेंके और कहा कि ये जमीन उसकी है और निर्माण तुम नहीं तोड सकते। उसने कागज उठाकर देखे तो जयप्रकाश तिवारी, देवानन्द पाण्डेय व मोहन पाण्डेय, किसान पाण्डेय ने आपस में मिलकर व एक राय होकर एक किरायानामा बनाया गया था। ये उसकी जमीन को फर्जी तरीके से हडपने की नियत से तैयार किया गया। उसके द्वारा समय-समय पर अपनी जमीन लेने के लिए इनसे बात करने कर प्रयास किया गया। आरोप है कि अरविन्द पाण्डेय और इनके भाईयों के द्वारा उसे डराया धमकाया जाता है। वह बीपी का मरीज है। पुलिस ने जयप्रकाश तिवारी निवासी मजरा बक्श वार्ड न०-09, विधायक के भाई देवानन्द पाण्डेय के अलावा मोहन पाण्डेय, किसान पाण्डेय निवासी मजरा बक्श वार्ड न०-09 के विरूद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

