हत्या में नशेड़ियों के शामिल होने का अंदेशा, हो रही जांच
न्यूज एंड नॉक संवाददाता, रामनगर। एक युवक की पत्थरों से कूचकर हत्या से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गूलरघट्टी में सिंचाई नगर के किनारे गुरुवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर कोतवाल सुशील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव की शिनाख्त समीर उर्फ लक्की (18 वर्ष) निवासी आदर्शनगर कॉलोनी के रूप में हुई। इस दौरान मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
मृतक के बड़े भाई इमरान ने पुलिस को बताया कि समीर बुधवार की शाम घर से निकला था और रात तक वापस नहीं लौटा था। उसकी काफी तलाश की गई मगर कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए खुलासे की मांग की। कोतवाल ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

