


मकान का कब्जा देने से किया इनकार, रकम वापस मांगने पर मिली जान से मारने की धमकी
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। फ्लैट दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। हल्द्वानी की रहने वाली एक महिला से सामिया बिल्डर द्वारा लाखों रुपये हड़पने के आरोप लगाया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर बिल्डर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम दौलिया, हल्दूचौड़, लालकुआं) निवासी उमा चोपड़ा ने बताया कि वर्ष 2014 में उन्होंने रुद्रपुर-काशीपुर हाईवे स्थित सामिया इंटरनेशनल बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड के मालिक जमील अहमद खान और निदेशक सगीर अहमद खान निवासी गाजियाबाद से संपर्क किया था। कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि अमोघ कुमार शुक्ला के माध्यम से उन्होंने गुलमोहर विला में एक फ्लैट बुक कराया।
इस फ्लैट की कुल बुकिंग रकम 6.75 लाख रुपये तय हुई थी, जिसमें से उनके द्वारा 3.54 लाख रुपये का भुगतान भी कर दिया गया था। आरोप है कि मालिक जमील अहमद और डायरेक्टर सगीर अहमद ने आश्वासन दिया था कि मकान पर कब्जा मिलने से पहले बकाया धनराशि का भुगतान करना होगा।
उसका आरोप है कि कुछ समय बाद बिल्डर ने तयशुदा फ्लैट देने से साफ इनकार कर दिया और दूसरा फ्लैट देने की बात कही। जब पीड़िता के पति ने इस पर आपत्ति जताई और दबाव बनाया, तो बिल्डर ने न तो रकम वापस की और न ही दूसरा फ्लैट दिखाया। उल्टा, रकम वापस मांगने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। 20 अक्टूबर 2023 को प्रतिनिधि अमोघ कुमार शुक्ला ने एक एमओयू समझौता तैयार किया, जिसमें आश्वासन दिया गया कि ब्याज सहित पूरी रकम दो किश्तों में वापस कर दी जाएगी। लेकिन यह वादा भी झूठा निकला।
महिला ने बताया कि साल 2023 में उन्हें जानकारी हुई कि यह बिल्डर सोची-समझी साजिश के तहत भोले-भाले लोगों को झांसा देकर उनके पैसे ऐंठ रहा है। उसने इस धोखाधड़ी के खिलाफ कई बार स्थानीय पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इस पर उसने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अब न्यायालय के सख्त आदेश के बाद रुद्रपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

