काम में सुस्ती पर विधायक जी का चढ़ा पारा!

ठेकेदार को लगाई लताड़, 7 दिन का दिया अल्टीमेटम

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। विधायक शिव अरोरा ने मंगलवार को रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य, बुनियादी ढाँचे, फर्नीचर एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कार्य की धीमी गति और व्यवस्थाओं में सामने आई कमियों को लेकर विधायक का पारा चढ़ गया।

निरीक्षण के दौरान विधायक शिव अरोरा ने कार्यदायी संस्था पेयजल निगम के महाप्रबंधक नरेंद्र नवानी तथा संबंधित ठेकेदार प्रतिनिधि अनुज गोयल को स्पष्ट शब्दों में फटकार लगाते हुए कहा कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में इस प्रकार की ढीला-ढाली कार्यशैली किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर की जनता और पूरे कुमाऊं की उम्मीदों से जुड़ा हुआ ड्रीम प्रोजेक्ट है, इसलिए निर्माण एवं व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

विधायक ने कहा कि एनएमसी (राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग) में दूसरे प्रयास के दौरान बुनियादी ढाँचे से जुड़ी कमियों के चलते आवेदन स्वीकृत नहीं हो सका। अब अंतिम प्रयास जो केंद्र सरकार के समक्ष होना है, उससे पहले मेडिकल कॉलेज में एनएमसी के सभी आवश्यक मानकों को हर हाल में पूरा किया जाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अगले कुछ दिनों में कार्य की रफ्तार कई गुना बढ़नी चाहिए और जो भी कमियां हैं, उन्हें युद्धस्तर पर दूर किया जाए।

विधायक ने पेयजल निगम के अधिकारियों को दो टूक कहा कि मेडिकल कॉलेज में आवश्यक फर्नीचर लगाने का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा किया जाए। तय समयसीमा में कार्य पूरा न होने पर सख्त जवाबदेही तय की जाएगी। अब बहाने नहीं, परिणाम चाहिए। जो जिम्मेदारी जिस अधिकारी या संस्था की है, उसे पूरी गंभीरता के साथ निभाना होगा।

विधायक ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी बसेडा को निर्माण, फर्नीचर, स्टाफ, फैकल्टी और अन्य आवश्यक कार्यों की दैनिक प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विधायक ने चिकित्सा शिक्षा निदेशक आशुतोष सियाना से फोन पर वार्ता कर आवश्यक फैकल्टी एवं अन्य मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

विधायक ने बताया कि मेडिकल कॉलेज को इसी सत्र से प्रारंभ कराने को लेकर वह हाल ही में देहरादून में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने का अनुरोध किया था। अब अगले 10 दिनों में मानकों के अनुरूप सभी बुनियादी जरूरतों को पूरा कर केंद्र सरकार के समक्ष अंतिम आवेदन किया जाएगा।

कहा कि यह सिर्फ एक भवन का निर्माण नहीं है, बल्कि हमारे बच्चों के भविष्य और पूरे कुमाऊं की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज आने वाले समय में कुमाऊं का प्रमुख चिकित्सा एवं शिक्षा केंद्र बनने जा रहा है।

इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुमन पांडे, सर्जन डॉ. राजीव कुमार सिंह, डॉ. सृजन श्रीवास्तव, व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष संदीप राव, मनोज मदान आदि उपस्थित रहे।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement