खटीमा में लगातार बारिश से खंकरा नदी उफान पर, वनगवाँ गाँव जलमग्न

– 07 परिवार रघुलिया प्राथमिक विद्यालय राहत शिविर में शिफ्ट, राहत कार्य जारी

न्यूज़ एंड नॉक ब्यूरो

खटीमा। मूसलाधार बारिश के कारण खंकरा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है। इससे वनगवाँ गाँव में गंभीर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है, जिसकी चपेट में लगभग 20 परिवार आ गए हैं।

सूचना प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और खाद्य विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुँचीं। रेस्क्यू टीमों ने ग्रामीणों के सहयोग से अब तक 07 परिवारों को सुरक्षित निकालकर प्राथमिक विद्यालय रघुलिया स्थित राहत शिविर में पहुँचाया है। अन्य प्रभावित परिवारों को भी विस्थापित करने का कार्य तेजी से चल रहा है।

जलभराव की खबर मिलते ही जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा और उप जिलाधिकारी तुषार सैनी ने रघुलिया प्राथमिक विद्यालय राहत शिविर पहुँचकर प्रभावित परिवारों का हाल जाना।

जिलाधिकारी ने प्रभावितों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक प्रशासन द्वारा भोजन, शुद्ध पेयजल और चिकित्सा जैसी तमाम आवश्यक सुविधाएँ मुहैय्या कराई जाएँगी। उन्होंने मौके पर मौजूद तहसील प्रशासन और खाद्य व रसद विभाग के अधिकारियों को शिविर में सभी व्यवस्थाएँ तुरंत दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने आमजन से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रभावित लोग अंधेरा होने से पहले ही राहत शिविरों में आ जाएँ, ताकि किसी आपात स्थिति से बचा जा सके। साथ ही, एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासनिक टीमों को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement