रुद्रपुर में नशे में हुए विवाद में हुई थी मलखान की हत्या, दो गिरफ्तार

Share News

पत्थर और डंडों से वार कर हुई थी नृशंस हत्या

न्यूज एंड नॉक संवाददाता, रुद्रपुर। दो दिन पहले हुए मलखान हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों ने शराब में नशे में हुए विवाद में मलखान की हत्या करने की बात कबूली है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद करते हुए मुकदमे में धारा 239 बीएनएस की बढ़ोतरी कर दी है।

रविवार को एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि 16 जनवरी को थाना रुद्रपुर क्षेत्र के फाजिलपुर मैहरोला, गिल रिसोर्ट, रामपुर रोड, रुद्रपुर में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त कराई थी। मृतक की पहचान मलखान सिंह निवासी वार्ड संख्या 25, प्रीत विहार, थाना रुद्रपुर के रूप में हुई  थी। प्रारंभिक जांच में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा पत्थर से सिर कुचलकर हत्या किया जाना प्रकाश में आया था। मृतक की पत्नी कोशल्या देवी ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।

विवेचना के दौरान वीरपाल एवं अमित की संदिग्धता प्रकाश में आई थी। इस पर रविवार को कोतवाली रुद्रपुर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर प्रीत विहार शनि मंदिर के पास, रम्पुरा से अभियुक्त अमित कोली उर्फ अमिताभ निवासी वार्ड संख्या 22, रम्पुरा, थाना रुद्रपुर और वीरपाल निवासी वार्ड संख्या 22, रम्पुरा, गुरुद्वारा रोड, रुद्रपुर को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल स्प्लेंडर प्लस संख्या UK-06AY9907 सहित गिरफ्तार किया

पूछताछ में अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि लोहड़ी के दिन शराब के नशे में उनका मलखान से विवाद हो गया था। इसी दौरान वीरपाल ने मलखान सिंह के साथ मारपीट कर डंडे एवं पत्थर से उसके सिर पर वार किया था। जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद दोनों अभियुक्त अपने-अपने घर चले गए थे। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक

हिरासत में जेल भेज दिया है।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *