बंद गाड़ी में पेट्रोमेक्स की गैस बताई जा रही मौत की वजह
न्यूज एंड नॉक संवाददाता, अल्मोड़ा। जिले के भिकियासैंण में एक पिकअप वाहन में दो शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार भिकियासैंण पुलिस चौकी से करीब पांच किमी दूर जैनल तिराहा पर पिकअप वाहन संख्या यूपी 20-CT 0048 सड़क किनारे खड़ा था। सुबह से शाम तक वाहन वही खड़ा रहने और उसमें दो लोगों के पड़े होने की सूचना पुलिस को किसी ने दी थी।
चौकी प्रभारी संजय जोशी टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो वाहन के शीशे बंद थे। वाहन के अंदर एक पेट्रोमैक्स रखा हुआ था और दो लोग अचेत पड़े थे। पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को पिकअप से बाहर निकालकर एंबुलेंस की सहायता से स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वाहन में पुलिस को एक आईडी मिली। आईडी के आधार पर एक व्यक्ति की शिनाख्त अलाउद्दीन निवासी ग्राम पिपलिया, मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। दूसरे व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो पाई है। एडिशनल एसपी हरबंस सिंह ने घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस प्रथम दृष्टया पेट्रोमैक्स से जहरीली गैस बनने से नींद में ही दोनो की मौत होना मान रही है। पुलिस आईडी के पते के आधार पर मृतक के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है।

