


विधायक शिव अरोरा का दावा, 2026 से ही शुरू होगा रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। पंडित राम सुमेर शुक्ल राजकीय मेडिकल कॉलेज को इसी सत्र वर्ष 2026 से संचालित करने और एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू कराने के उद्देश्य से स्थानीय विधायक शिव अरोरा एक्शन मोड में आ गए हैं। विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों, मेडिकल कॉलेज प्रशासन और कार्यदायी संस्था पेयजल निगम के साथ मेडिकल कॉलेज का दौरा कर अंतिम चरण में चल रहे निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
हाल ही में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग द्वारा किए गए सर्वे में फैकल्टी, आवश्यक संसाधनों और निर्माण कार्य अपूर्ण होने के कारण मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति पर अस्थायी रोक लगाई गई थी। हालांकि, एनएमसी ने कमियों को दूर कर 27 जुलाई तक पुनः अपील करने का समय दिया है।
विधायक शिव अरोरा ने तुरंत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल को पत्र लिखा व स्वास्थ्य मंत्री से दूरभाष पर सीधी वार्ता की। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुसार यह मेडिकल कॉलेज कुमाऊँ व उधम सिंह नगर जिले के लिए लाइफलाइन साबित होगा, इसलिए इसे 2026 से हर हाल में शुरू किया जाना आवश्यक है।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने विधायक को पूर्ण भरोसा देते हुए अधिकारियों को एनएमसी के मानकों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। विधायक ने स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पाण्डेय से भी वार्ता की। स्वास्थ्य सचिव ने आश्वस्त किया कि मेडिकल कॉलेज में फैकल्टी और जरूरी संसाधनों की कमी को जल्द दूर कर लिया जाएगा, ताकि 27 जुलाई से पहले एनएमसी में मजबूत अपील दाखिल की जा सके।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने पेयजल निगम और मेडिकल कॉलेज प्रशासन को तय समय सीमा से पहले सभी बचे हुए कार्यों को पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में कुमाऊँ के लिए मील का पत्थर साबित होगा। स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य सचिव और स्थानीय प्रशासन से हुई वार्ता के बाद मुझे पूरा विश्वास है कि हम 27 जुलाई से पहले सभी मानकों को पूरा कर एनएमसी में अपील करेंगे और इसी वर्ष 2026 से एमबीबीएस की कक्षाएं व मरीजों का इलाज शुरू हो जाएगा।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. ऊषा रावत, पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता नवीन नवानी, पार्षद निमित्त शर्मा, मंडल अध्यक्ष धीरेश गुप्ता, के.पी. राठी, राधेश शर्मा और मयंक कक्कड़ समेत कई प्रशासनिक व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

