
पुलिस ने 72 घंटे में सुलझाया जानकी हत्याकांड, भतीजा गिरफ्तार
70 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी किया चिन्हि्त
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, खटीमा। पुलिस ने जानकी हत्याकांड का खुलासा करते हुए उसके भतीजे को गिरफ्तार किया है। हत्यारोपी ने लूट के मकसद से अपनी ताई की गला घोंटकर हत्या कर दी। ब्लाइंड मर्डर पुलिस के गले की हड्डी बना हुआ था और पुलिस को हत्याकांड को सुलझाने में 70 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालनी पड़ी।
शनिवार को कोतवाली में एसएसपी अजय गणपति ने हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए बताया कि 18 फरवरी की देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि सितारगंज रोड स्थित देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी में एक मकान के भीतर वृद्ध महिला जानकी चंद का शव खून से लथपथ पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। फील्ड यूनिट एवं आरएफएसएल कुमाऊं यूनिट की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए गए। मृतका के पुत्र की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसएसपी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न पुलिस टीमों का गठन किया गया था। गठित टीमों ने गहन सुरागरसी – पतारसी करते हुए करीब 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया तथा आसपास के लोगों से विस्तृत पूछताछ की। जांच के दौरान मृतका के भतीजे रवि चंद निवासी आदर्श कॉलोनी, डिग्री कॉलेज रोड, खटीमा का नाम प्रकाश में आया था। शनिवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त रवि चंद को झनकट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह हरियाणा के नांगल कस्बे में एक फैक्ट्री में मजदूरी करता है। 17 फरवरी की शाम वह रुपयों की आवश्यकता के चलते मुंह पर मफलर बांधकर अपनी ताई के घर पहुंचा था और उनके साथ भोजन किया था। इस बाद मफलर से उनका मुंह और गला दबा दिया। संघर्ष के दौरान वृद्धा मुंह के बल फर्श पर गिर गई जिससे उनके नाक-मुंह से रक्तस्राव होने लगा। इसके बाद अभियुक्त ने अलमारी से एक पर्स निकाल लिया और उसमें नकदी एवं अन्य सामान था। शक से बचने के लिए उसने मकान के बाहर ग्रिल पर ताला लगा दिया और दरवाजे की कुंडी बंद कर मौके से फरार हो गया। अभियुक्त की निशानदेही पर घटना से संबंधित माल की बरामदगी की कार्रवाई की जा रही है।


