रुद्रपुर में लावारिश आवारा पशुओं से मिलेगी मुक्ति

Share News

लंबाखेड़ा गोशाला के लिए 84 लाख की अतिरिक्त राशि  मंजूर

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। शहर की सड़कों पर घूम रहे निराश्रित और लावारिश पशुओं की समस्या का समाधान जल्द होने वाला है। नगर निगम की लंबाखेड़ा में निर्माणाधीन गोशाला के विस्तार के लिए शासन ने 84.216 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत कर दी है। 

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि लंबाखेड़ा में विशाल गोशाला का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। पहले चरण के लिए शासन ने 3.69 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे। भविष्य की जरूरतों को देखते हुए निगम ने 210.54 लाख रुपये का नया प्रस्ताव भेजा था। शासन ने इस प्रस्ताव के सापेक्ष 40 प्रतिशत राशि यानी 84.216 लाख रुपये जारी करने की मंजूरी दे दी है।

इस अतिरिक्त बजट का उपयोग गौशाला के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में किया जाएगा। इससे निराश्रित गौवंश के रहने के लिए शेडों की संख्या बढ़ाई जाएगी। चारे के सुरक्षित भंडारण के लिए बड़े गोदाम बनाए जाएंगे। बीमार और चोटिल पशुओं के लिए परिसर में ही टीकाकरण और त्वरित उपचार की विशेष व्यवस्था होगी।

महापौर ने कहा कि गोशाला का निर्माण अब अपने अंतिम चरण में है। इसके पूर्ण रूप से सक्रिय होने के बाद रुद्रपुर की सड़कों पर आवारा पशुओं के कारण लगने वाले जाम और आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं से जनता को बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में रुद्रपुर का कायाकल्प करने वाली कई अन्य बड़ी योजनाओं को भी जल्द धरातल पर उतारा जाएगा।


Share News

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *