महिला के जाल में फंसाकर मांग रहे थे 50 लाख की फिरौती, 6 गिरफ्तार

नानकमत्ता में अंतर्राज्यीय हनीट्रैप गिरोह का भंडाफोड़

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, नानकमत्ता। पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय हनीट्रैप गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो महिलाओं समेत गिरोह के छह शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह महिलाओं के जरिए लोगों को जाल में फंसाता था और फिर उन्हें बंधक बनाकर लूटपाट, मारपीट और अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करता था।

पुलिस के अनुसार, गिरोह ने बीती 14 मार्च की रात महिला आरोपियों ने फोन पर मीठी बातें कर पीड़ित को मिलने के लिए नानकमत्ता के मच्छी झाला क्षेत्र में बुलाया था। जैसे ही पीड़ित अपनी हुंडई आई-10 कार से वहां पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने पीड़ित को जबरन भड़ाभुड़िया स्थित एक मकान में ले जाकर बंधक बना लिया। वहां उसके साथ मारपीट की गई और कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो बनाया गया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपियों ने पीड़ित से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। गिरोह ने पीड़ित की कार, नगदी, सोने की अंगूठी और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी लूट लिए।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने 15 मार्च को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने डैम बंदे क्षेत्र में घेराबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध हुंडई आई-10 कार को रोका गया, जिसमें सवार चार लोगों को तारा सिंह निवासी नानकमत्ता, राजेन्द्र सिंह उर्फ राजू निवासी खटीमा, गुरमीत कौर निवासी नानकमत्ता, सीमा कौर निवासी खटीमा को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वाटर स्पोर्ट्स क्षेत्र के पास से दो अन्य आरोपियों गुरविन्दर सिंह उर्फ डिम्पल निवासी नानकमत्ता और रमन सिंह निवासी नानकमत्ता को भी दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक हुंडई आई-10 कार, 9,750 रुपये, सोने की अंगूठी, एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन बरामद किया है।

गिरोह का सरगना है हिस्ट्रीशीटर, 21 मुकदमें हैं दर्ज

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना तारा सिंह नानकमत्ता कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उस पर पूर्व में भी लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट (नशा तस्करी) जैसे गंभीर अपराधों में 21 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा सीमा कौर दो और गुरमीत कौर पर चार मुकदमे दर्ज हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement