– न्यायालय में पेशी से बचकर चल रहा था फरार
– पिथौरागढ़ पुलिस ने इंदौर-रीवा क्षेत्र से किया गिरफ्तार
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
पिथौरागढ़। इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर 7.38 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पिथौरागढ़ पुलिस ने मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपी को इंदौर-रीवा क्षेत्र से दबोचा। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, 16 जनवरी 2026 को विशाल भट्ट ने कोतवाली पिथौरागढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम पर फर्जी डीएलएफ आईडी के जरिए उनके साथ 7,38,881 रुपये की धोखाधड़ी की गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318 के तहत अभिषेक तिवारी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
विवेचना के दौरान मध्य प्रदेश के रीवा जिले के अतरैला थाना क्षेत्र के भड़रा गांव निवासी अभिषेक तिवारी की संलिप्तता सामने आई। आरोपी की तलाश में एसएचओ ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। सर्विलांस सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य और मैनुअल इनपुट जुटाए गए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को मध्य प्रदेश के इंदौर-रीवा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी न्यायालय में पेशी से बचते हुए फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक ललित डंगवाल, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल अब्दुल खालिक तथा सर्विलांस सेल के अपर उपनिरीक्षक हेम चंद्र सिंह और कांस्टेबल कमल तुलेरा शामिल रहे।




