


एसपी सिटी को सौंपा ज्ञापन, आरोप – 200 डंपरों से हो रही अवैध उगाही
भाजपा जिलाध्यक्ष ने मामले का संज्ञान लेकर कार्रवाई की बात कही
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने एक बार फिर भाजपा पदाधिकारी के खिलाफ आक्रामक रुख अपना लिया है। उन्होंने एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी से मुलाकात कर ठुकराल ने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के महामंत्री पर ओवरलोड डंपरों के संचालन के नाम पर करोड़ों रुपये की अवैध वसूली का संगीन आरोप लगाया। उन्होंने मामले में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इधर वसूली का ऑडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो गया है।
मंगलवार को पुलिस कार्यालय में एसपी सिटी को सौंपे ज्ञापन में ठुकराल ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता प्रति डंपर 70 हजार रुपये की उगाही कर रहे हैं। करीब 200 डंपरों से होने वाली इस वसूली का कुल आंकड़ा 2 से 3 करोड़ रुपये महीना है। वसूली की यह रकम सत्ताधारी जनप्रतिनिधियों और पुलिस के बीच बांटी जा रही है। यही कारण है कि साक्ष्य होने के बावजूद पुलिस मौन है।
उन्होंने चेतावनी दी कि 16 अप्रैल को डंपर संचालक राम सिंह द्वारा तहरीर दिए जाने के बाद भी अब तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे पुलिस कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने को मजबूर होंगे। इस दौरान उन्होंने लेनदेन से संबंधित मैसेज और बैंक खातों के साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे। इधर, सोशल मीडिया में ऑडियो वायरल होने के बाद पदाधिकारी घिर गया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिन्दल ने कहा कि ये मामला संज्ञान में है और इसकी जांच कराई जाएगी। पार्टी की छवि खराब करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

