


विधायक शिव अरोड़ा ने जिलाधिकारी से की मुलाकात
न्यूज एंड नॉक डेस्क, रुद्रपुर। किच्छा रोड स्थित पुराने ट्रेजरी ऑफिस की भूमि पर बंगाली समाज की कला, संस्कृति और इतिहास के प्रतीक ‘बंग भवन’ के निर्माण की कवायद तेज हो गई है। विधायक शिव अरोड़ा ने बंगाली समाज के प्रतिनिधिमंडल के साथ जिलाधिकारी नितिन भदोरिया से मुलाकात कर भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने हेतु लिखित पत्र सौंपा।
गुरुवार को विधायक शिव अरोड़ा ने डीएम से कहा कि 14 अगस्त 2023 को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बंगाली समाज की मांग पर इस भवन के निर्माण की घोषणा की थी। इसके बाद प्रशासन की टीम के साथ किच्छा बायपास रोड पर पुराने ट्रेजरी ऑफिस के स्थान को इसके लिए उपयुक्त पाया गया।कहा कि यह भवन मात्र एक इमारत नहीं, बल्कि बंगाली समाज के राष्ट्र के प्रति समर्पण, देश की आजादी में उनके योगदान और तराई को बसाने में उनकी गौरवशाली भूमिका का संग्रह केंद्र होगा। इसमें बंगाली कला और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
जिलाधिकारी नितिन भदोरिया ने विधायक को आश्वस्त किया कि भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को जल्द पूर्ण कर इसका प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ हो सके। इस खबर से समस्त बंगाली समाज में हर्ष की लहर है।
इस दौरान दर्जा मंत्री उत्तम दत्ता, बंगाली महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार शाह, पूर्व मंडी अध्यक्ष केके दास, समीर राय, शंकर चक्रवर्ती, गणेश सरकार, विशाल शील, पल्लव शील सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

