RFSL में ई-फोरेंसिक 2.0 का आगाज़, अब पलक झपकते मिलेगी जांच रिपोर्ट

Share News

रुद्रपुर डिजिटल न्याय प्रणाली में बड़ी क्रांति

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। आपराधिक न्याय प्रणाली को अधिक पारदर्शी, हाईटेक और प्रभावी बनाने की दिशा में शनिवार को रुद्रपुर स्थित क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला (RFSL) ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। प्रयोगशाला में ‘ई-फोरेंसिक 2.0’ प्रणाली का औपचारिक शुभारंभ किया गया, जो जांच रिपोर्ट तैयार करने से लेकर कोर्ट तक पहुँचने की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल कर देगी।

शनिवार को डिजिटल पहल का उद्घाटन प्रभारी संयुक्त निदेशक डॉ. मनोज कुमार अग्रवाल द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि यह प्रणाली आई.सी.जे.एस 2.0 (Inter-operable Criminal Justice System) के तहत् विकसित की गई है। अब केस के पंजीकरण से लेकर वैज्ञानिक परीक्षण और ई-हस्ताक्षर वाली फाइनल रिपोर्ट सीधे पोर्टल पर अपलोड होगी। इससे पुलिस, अभियोजन और न्यायालय को रिपोर्ट के लिए लंबा इंतज़ार नहीं करना पड़ेगा।

बताया कि यह सिस्टम सीसीटीएनएस (CCTNS), ई-कोर्ट्स और ई-प्रिज़न्स से जुड़ा होगा। केस किस स्टेज पर है, इसकी जानकारी वास्तविक समय में मिल सकेगी। ई-हस्ताक्षर के साथ रिपोर्ट तैयार होगी, जिससे कागजी कार्रवाई कम होगी। साक्ष्यों की कड़ी और उनकी सुरक्षा को पहले से अधिक मजबूत बनाया गया है।बताया कि इससे जांच प्रक्रिया में लगने वाला समय घटेगा, जिससे अदालतों में लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी आएगी।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि इस डिजिटल कार्यप्रवाह से फोरेंसिक जांच की विश्वसनीयता बढ़ेगी और न्याय वितरण प्रणाली को एक नई गति मिलेगी।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *