


मानसून की चुनौतियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने जिला आपदा प्रबन्धन सभागार में समीक्षा बैठक करते हुए आगामी मानसून काल के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ और जलभराव की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बुधवार को हुई बैठक में अपर जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों को नालों की सफाई सुनिश्चित करने और साक्ष्य के रूप में जियो-टैग फोटो भेजने के निर्देश दिए। कहा कि रिवर चैनेलाइजेशन और ड्रेजिंग के सभी कार्य 15 जून से पहले अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाएं। एसडीआरएफ, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग को निर्देश दिए गए कि वे अपने सभी बचाव उपकरणों का भौतिक सत्यापन कर लें और खराब उपकरणों की तत्काल मरम्मत कराएं। विद्युत विभाग को ढीले तारों को कसने, पुराने पोल बदलने और पेड़ों की लोपिंग-चोपिंग करने को कहा गया है ताकि वर्षाकाल में निर्बाध आपूर्ति बनी रहे।
उन्होंने कहा कि जलभराव वाले क्षेत्रों में कीटनाशक छिड़काव हेतु दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने और आपदा के दौरान राशन वितरण के लिए टेंडर प्रक्रिया समय से पूरी कर ली जाए। बैठक में नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, ओसी हिमांशु कफल्टिया और अन्य विभागीय अधिकारी भौतिक व वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

