


महापौर के निरीक्षण में सामने आया गंभीर मामला
रुद्रपुर की खेड़ा बस्ती में बेनकाब हुआ अवैध मजार का खेल
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। शहर की खेड़ा बस्ती में सरकारी जमीन पर न केवल अवैध कब्जा किया गया, बल्कि घर के भीतर ही मजार बनाकर उसे धार्मिक स्वरूप दे दिया गया। महापौर विकास शर्मा और प्रशासनिक अमले के औचक निरीक्षण के दौरान इस खेल का भंडाफोड़ हुआ। इसके बाद अब अवैध निर्माण पर कड़ा एक्शन लेने की तैयारी की जा रही है।
बृहस्पतिवार को महापौर शर्मा, एडीएम पंकज उपाध्याय और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे के साथ जब खेड़ा बस्ती में नदी किनारे अतिक्रमण का जायजा लेने पहुंचे थे। इस दौरान चांद मस्जिद के पास एक मकान मिला। जांच करने पर पता चला कि यह मकान पूरी तरह सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाया गया है। सबसे चौंकाने वाली बात तब सामने आई जब घर के अंदर एक अवैध मजार बनी मिली।
पता चला कि संबंधित व्यक्ति ने अपने पिता की मृत्यु के बाद शव को कब्रिस्तान ले जाने के बजाय घर के भीतर ही दफना दिया और उसे मजार की शक्ल दे दी। यही नहीं, उक्त व्यक्ति पर सरकारी जमीन को घेरकर आसपास के लोगों को अवैध रूप से प्लॉट बेचने का भी गंभीर आरोप लगा है।
प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अवैध निर्माण को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया है। एडीएम पंकज उपाध्याय ने स्पष्ट किया है कि पूरे प्रकरण की विस्तृत कानूनी जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।


