भाजपा नेता के बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

कमरे में फंदे पर लटका मिला था युवक, हड़कंप

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। आदर्श कॉलोनी क्षेत्र में भाजपा नेता का बेटा संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे पर फंदे से लटका मिला।  सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, रविवार की रात नरेंद्र ग्रोवर ने आदर्श कॉलोनी चौकी में सूचना दी कि उनके दामाद कपिल देव उर्फ शेरा पुत्र सतनाम सिंह, निवासी वैष्णो देवी मंदिर, आदर्श कॉलोनी, वार्ड नंबर 30, ने घर के अंदर फांसी लगा ली है। जब परिवार को इसका पता चला, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। कपिल के भाई तरुण उर्फ सन्नी ने आनन-फानन में दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कपिल गुलाबी रंग के दुपट्टे के फंदे से पंखे पर लटका हुआ था। परिजनों ने इस उम्मीद में उसे तुरंत नीचे उतारा कि शायद उसकी सांसें चल रही हों, लेकिन तब तक कपिल की मृत्यु हो चुकी थी।

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी आदर्श कॉलोनी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक का शव वैष्णो देवी मंदिर के सामने बरामदे में चादर से ढका हुआ मिला। पुलिस ने घटनास्थल (कमरे) का बारीकी से निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ की।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। मृतक के पिता सतनाम सिंह भाजपा नेता हैं। मृतक बेहद मिलनसार प्रवृत्ति का था।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement