


साइबर टिपलाइन रिपोर्ट से हुआ खुलासा
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल की गोपनीय टिपलाइन रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली पुलिस ने इंस्टाग्राम पर बाल अश्लीलता साझा करने वाले एक संदिग्ध के खिलाफ आईटी एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय को साइबर टिपलाइन प्राप्त हुई थी। इस रिपोर्ट में इंस्टाग्राम आईडी mr.devil_1432_ के माध्यम से बाल यौन शोषण एवं दुर्व्यवहार से संबंधित अश्लील वीडियो साझा किए जाने की जानकारी दी गई थी। मामले की जांच उपनिरीक्षक धीरज टम्टा द्वारा की गई। जांच के दौरान पता चला कि संदिग्ध इंस्टाग्राम आईडी हिमांशु मिश्रा नाम के व्यक्ति द्वारा संचालित की जा रही है, जिसमें मोबाइल नंबर +91-9193497510 पंजीकृत है।
एसडीआर रिपोर्ट के अनुसार, यह मोबाइल नंबर अजय मिश्रा, निवासी भदईपुरा, वार्ड नंबर 04, रुद्रपुर के नाम पर दर्ज है। पुलिस को प्राप्त पैन ड्राइव में तीन फाइलें मिली हैं, जिनमें एक वीडियो में नाबालिगों को यौन कृत्य करते दिखाया गया है। प्रथम दृष्टया मामला बाल अश्लीलता से संबंधित पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी हिमांशु मिश्रा के विरुद्ध आईटी एक्ट की धारा 67B के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अब मामले की आगे की विवेचना कर रही है।

