


चोरी की वारदात दुकान पर लगे सीसीटीवी में हुई कैद, मुकदमा दर्ज
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। मुख्य बाजार स्थित एक फिल्म स्टूडियो में चोरी का मामला सामने आया है। यहां काम करने आए दिल्ली निवासी एक फ्रीलांसर फोटोग्राफर पर स्टूडियो से करीब 65 हजार रुपये कीमत की कैमरे की बैटरी और एक हाई-स्पीड मेमोरी कार्ड चोरी करने का आरोप लगा है। वारदात स्टूडियो में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिमला पिस्तौर, रुद्रपुर निवासी राकेश यादव ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मुख्य बाजार स्थित आनंदपुर आश्रम गली के चिलाना कॉम्प्लेक्स में उनकी फर्म है। 19 अप्रैल को दिल्ली के सुल्तानपुर डबास निवासी अर्जुन भरजातिया नाम का एक युवक उनकी फर्म में बतौर फ्रीलांसर फोटोग्राफर काम करने आया था।
आरोप है कि काम पूरा होने के बाद, उसी रात अर्जुन दोबारा स्टूडियो में दाखिल हुआ। उसने वहां रखे सोनी कंपनी के कैमरे की कीमती बैटरी और 480 GB का सोनी टफ सीएफ एक्सप्रेस मेमोरी कार्ड चोरी कर लिया और फरार हो गया। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 65,000 रुपये बताई जा रही है।
कहा कि चोरी गए मेमोरी कार्ड में उनकी शादी का बेहद महत्वपूर्ण और पर्सनल डाटा सुरक्षित था। घटना के बाद से ही आरोपी का मोबाइल नंबर लगातार बंद आ रहा है या वह फोन नहीं उठा रहा है। आशंका जताई है कि आरोपी चोरी का सामान बेच सकता है या फिर मेमोरी कार्ड में मौजूद निजी डाटा के साथ छेड़छाड़ या उसे नष्ट कर सकता है।
बताया कि स्टूडियो में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी वारदात कैद हुई है। फुटेज में आरोपी अर्जुन भरजातिया साफ तौर पर मेमोरी कार्ड और सामान चोरी कर अपने एक साथी के साथ बैग में डालते हुए और वहां से ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश में जुट गई है।

