


– करियर काउंसिलिंग सेंटर की होगी शुरुआत, आर्थिक रूप से कमजोर टॉपर्स को मिलेगा वजीफा
– महापौर का ऐलान, फ्री एजुकेशनल टूर देगा नगर निगम
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। नगर निगम रुद्रपुर अब सिर्फ सड़क, नाली और सफाई व्यवस्था तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शहर के होनहार बच्चों के भविष्य को संवारने का जिम्मा भी उठाएगा। नगर निगम सभागार में आयोजित भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह में मेयर विकास शर्मा ने मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए कई बड़े और ऐतिहासिक ऐलान किए।
सोमवार को हुए कार्यक्रम में मेयर ने घोषणा की कि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए नगर निगम स्कॉलरशिप (वजीफा) प्रदान करेगा, ताकि पैसों की तंगी किसी बच्चे की पढ़ाई में बाधा न बने। इसके साथ ही निगम मेधावी छात्रों के लिए शैक्षिक भ्रमण भी आयोजित करेगा, जिससे उन्हें नई तकनीक और आधुनिक व्यवस्थाओं को करीब से सीखने का मौका मिले।
—
मेधावी बच्चों ने दिए शहर सुधार के टिप्स
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे ने बच्चों से सीधा संवाद किया। संवाद के दौरान रुद्रपुर के युवाओं ने खुलकर अपनी बात रखी और शहर में डिजिटल लाइब्रेरी, करियर काउंसिलिंग सेंटर, बेहतर स्वच्छता व्यवस्था और अध्ययन सुविधाएं बढ़ाने के शानदार सुझाव दिए। मेयर ने बच्चों के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि निगम इन पर तेजी से काम करेगा और जल्द ही शहर में करियर काउंसिलिंग प्रोग्राम आयोजित किए जाएंगे, जहां विशेषज्ञ बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं और प्रोफेशनल कोर्सेज का मार्गदर्शन देंगे।
—
आज का युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति: विकास शर्मा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर विकास शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। धामी सरकार ने प्रदेश में कड़ा नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाया है, जिससे हजारों युवाओं को बिना किसी भेदभाव के रोजगार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों को सही दिशा और संसाधन मिलें, तो वे समाज का नाम रोशन कर सकते हैं।
—
सफलता की कुंजी निरंतर मेहनत और अनुशासन: नगर आयुक्त
नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे ने मेधावियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता केवल अंकों से नहीं, बल्कि निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच से मिलती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया और अनावश्यक गतिविधियों से बचते हुए अपने व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से भी बच्चों का मनोबल बढ़ाने की अपील की।
वहां पर बेसिक शिक्षा अधिकारी शवेद आलम, बरीत सिंह, सुनील ठुकराल, पार्षद चिराग कालरा, रवि सिडाना, मानविंदर सिंह सहित कई गणमान्य लोग और सैकड़ों अभिभावक मौजूद रहे।
—
ये मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित:
प्राची मटेला, ईशिता सैनी, आस्था यादव, सिमरन शर्मा, हर्षिता जोशी, रितु धामी, सृष्टि पाल, अतुल्य यादव, अनस अहमद, विष्णु गुप्ता, हेमंती चौहान, अनुज कुमार, रक्षित जोशी, प्रदीप कुमार, नवनीत मेहरा, सम्पदा तिवारी, शोभित अग्रवाल, प्रखर अग्रवाल, अंशिका अग्रवाल, केशव वर्मा, श्रुति पाठक, सगुन जलहोत्रा, गरनूर कौर, रिद्धि मिड्ढा, कशिश सिंह, अंश श्रीवास्तव, माही सिंह, प्रत्युष कुमार नंदा, हरमनप्रीत कौर, कशिका डसीला, सक्षम शर्मा, सिद्धि परमार, आस्थामनी तिवारी, अली अब्बास, दिव्यांश मेहरा, पलक सैनी, तपस्या सिरोही, भारती गंगवार, संध्या, अर्पित यादव, माही रौतेला, अमृत शर्मा, आरव गुप्ता, अश्विनी अरोरा, हर्षिता पनेर, अवनी बोरा, नव्या सिंह, जय जोशी, आयशा भट्ट, विदुद मेहरा, अंकुश डिबिटिया, नैतिक जोशी, दिव्यांजलि बानू, मो. अंसार, सोमेश कुमार, सिद्धांत इशुपुजानी, आर्यन सागर, गरिमा भण्डारी, खुशी, माही शर्मा, अनभि शिवोतारा, अमन गंगवार, जितेंद्र कुशवाहा, स्वायम मिश्रा, दीक्षा रस्तोगी, कशिश वर्मा।

