


रुद्रपुर में दो लस्सी ठेली वालों के विवाद में बीच-बचाव करना पड़ा भारी,
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में आपसी विवाद के बीच-बचाव और पुलिस को सूचना देने का प्रयास करने पर एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। आरोपी मौके से पीड़ित का कीमती आईफोन और तमंचे लहराते हुए फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित के भाई की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ट्रांजिट कैंप के वार्ड नंबर-03 निवासी सुमित मंडल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 24 मई 2026 की रात लगभग 9 बजे उनका भाई शुभम मंडल अपने मित्र अंकित साना के साथ विशाल मेगा मार्ट के सामने, विधायक शिव अरोड़ा के कार्यालय के पास स्थित शिव लस्सी के ठेले पर लस्सी पी रहा था। इसी दौरान वहां दो लस्सी ठेली संचालकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद और गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद बढ़ता देख शुभम मंडल ने मामले की जानकारी पुलिस को देने के लिए जैसे ही अपना मोबाइल निकाला, वहां मौजूद कृपाल और अर्पित नामक युवकों ने अचानक उसका फोन छीन लिया। शुभम द्वारा अपना मोबाइल वापस मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान शुभम के कंधे पर लगभग 2.5 सेंटीमीटर गहरा घाव हो गया और मौके पर भारी मात्रा में खून बह गया।
आरोप है कि हमलावर वारदात के बाद शुभम का आईफोन लूटकर मौके से फरार हो गए। वारदात के दौरान आरोपियों के पास अवैध तमंचे भी थे, जिन्हें दिखाकर उन्होंने मौके पर दहशत फैलाई। घायल शुभम को अंदरूनी और गंभीर शारीरिक चोटें आई हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है। 25 मई को पीड़ित के भाई सुमित मंडल ने ट्रांजिट कैंप में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और लूटा गया मोबाइल बरामद करने की मांग की है।

