



न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
गदरपुर। पुलिस ने फर्जी करेंसी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 4 करोड़ 54 लाख रुपये मूल्य के असली और नकली नोट बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से इलाके के अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
एसएचओ गदरपुर के नेतृत्व में क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग का अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि सैफ्टा फार्म रोड पर पंचपुरी गूलरभोज के पास स्थित एक खोखे में कुछ लोग भारी मात्रा में संदिग्ध नोटों के साथ मौजूद हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी और दो अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया। जब पुलिस टीम ने पकड़े गए आरोपियों के पास से बरामद नोटों की गड्डियों की जांच की, तो अधिकारी भी हैरान रह गए। शातिर अपराधियों ने ठगी और बाजार में फर्जी करेंसी खपाने के लिए बेहद अनोखा और शातिराना तरीका अपनाया था। बरामद की गई कई गड्डियों में ऊपर तो भारतीय रिजर्व बैंक के असली 500 रुपये के नोट लगाए गए थे, लेकिन नीचे चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया लिखे हुए नकली नोट छिपाए गए थे, ताकि आम लोगों और व्यापारियों को आसानी से धोखा दिया जा सके। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मुनतियाज निवासी केशव नगर, वार्ड नंबर 06, थाना बाजपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर और मनोज कुमार निवासी ग्राम पंचपुरी कोपा गूलरभोज, थाना गदरपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई। पुलिस ने मौके से एक काले-सफेद धारीदार बैग सहित कुल 4 करोड़ 54 लाख रुपये मूल्य की करेंसी बरामद की है।
कोतवाली में अभियुक्तों के खिलाफ धारा 179/180/3(5) BNS के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस जांच कर रही है कि अब इनसे विस्तृत पूछताछ कर रही है कि ये नकली नोट कहाँ से लाए गए थे, इस रैकेट के तार किन-किन क्षेत्रों से जुड़े हैं, और इन्हें कहाँ-कहाँ खपाने की तैयारी थी।

